भटके हुए 5 वर्षीय मासूम को उमरिया पान पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया

दर्पण 24 न्यूज़ 
कटनी जिले के थाना उमरिया पान पुलिस ने मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए एक भटके हुए 5 वर्षीय मासूम बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार ग्राम महनेर में एक छोटा बच्चा अकेला भटकता हुआ देखा गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद उमरिया पान थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और उसे सुरक्षित थाना लाया गया।
थाने में पुलिस द्वारा बच्चे से बातचीत कर उसके घर और गांव के बारे में जानकारी ली गई। बच्चे ने अपना गांव कोठी बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों से संपर्क स्थापित किया।
कुछ ही समय में बच्चे के माता-पिता थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मासूम को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस संवेदनशील कार्रवाई के लिए क्षेत्र में उमरिया पान पुलिस की सराहना की जा रही है, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए एक मासूम को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *