दर्पण 24 न्यूज़ उमेश त्रिपाठी सह संपादक
बिलहरी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारती जनकल्याण समिति, बिलहरी द्वारा ग्राम बिलहरी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल परिसर में महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूक करना तथा समाज में उनकी भूमिका को मजबूत बनाना था।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिलहरी के सचिव श्री गोकरण मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ तनु शुक्ला, समिति की अध्यक्ष सीता सोनी, सचिव दीक्षा सोनी सहित ग्राम की अनेक सम्मानित महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत महिला सशक्तिकरण के विषय पर चर्चा से की गई, जिसमें महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा के महत्व को समझने और समाज में अपनी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के महत्व पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि बेटियां शिक्षित और सुरक्षित होंगी तो समाज और देश का भविष्य भी उज्ज्वल होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण के महत्व पर भी चर्चा की गई और सभी को अपने गांव को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के मामलों को देखते हुए महिलाओं को जागरूक करने के लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई। इसमें ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सामाजिक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, गांव के विकास में योगदान देने तथा आपसी सहयोग से समाज को बेहतर बनाने की बात कही।
इस अवसर पर सरोज सोनी, ज्योति सोनी, ममता सोनी, जया ताम्रकार, चंचल ताम्रकार, प्रिया उपाध्याय, सान्या पांडेय, सुषमा सोनी, राजकुमारी बर्मन सहित अन्य महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। सभी के सहयोग और सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
