होली को ‘घिनौना’ बताने वाले आरडी प्रजापति पर बवाल, गिरफ्तारी की मांग… छतरपुर में सौंपा गया ज्ञापन

छतरपुर। रंगों के पर्व होली पर विवादित टिप्पणी करने के बाद भाजपा से निष्कासित नेता आरडी प्रजापति एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार मामला सीधे पुलिस थाने तक पहुंच गया। समाजसेवी नेहा सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों और स्थानीय लोगों के एक समूह ने ओरछा रोड थाने पहुंचकर प्रजापति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की।


बताया जा रहा है कि अपनी राजनीतिक पहचान की तलाश में भटक रहे आरडी प्रजापति इन दिनों बयानों के सहारे चर्चा में बने रहने की कोशिश कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने होली जैसे पारंपरिक त्योहार को “घिनौना” बताकर ऐसा बयान दे दिया, जिसने लोगों की भावनाओं को भड़का दिया। अब मामला यह है कि होली के रंग से पहले ही बयानबाजी की स्याही चारों तरफ फैल गई है।


ओरछा रोड थाने में शिकायत देते समय प्रशिक्षु आईपीएस लेखराज मीणा को आवेदन सौंपा गया, जिसमें आरडी प्रजापति पर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और हिंदू त्योहारों का अपमान करने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा सीएसपी अरुण कुमार सोनी से भी मिलकर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
समाजसेवी नेहा सिंह ने कहा कि होली को “घिनौना” कहना सिर्फ एक त्योहार का अपमान नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं पर चोट है। उनका आरोप है कि आरडी प्रजापति लगातार ऐसे कार्यक्रम कर रहे हैं जिनका मकसद समाज और धर्म के लोगों को आपस में उलझाकर राजनीतिक फायदा उठाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रजापति कई बार कथावाचकों और धार्मिक प्रचार करने वालों के खिलाफ भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, जो समाज में अनावश्यक विवाद पैदा करता है।
फिलहाल पुलिस जांच की बात कर रही है, लेकिन छतरपुर में चर्चा यह भी है कि जब राजनीतिक जमीन खिसकने लगती है तो कुछ नेता बयानबाजी के रंग से ही सुर्खियां बटोरने की कोशिश करते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार होली से पहले ही रंगों की जगह विवाद का गुलाल उड़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *