नर्सरी विकास प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व विकास क्षमता वृद्धि कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने लिया तकनीकी प्रशिक्षण

कटनी/रीठी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व विकास क्षमता वृद्धि कार्यक्रम अंतर्गत सेक्टर–05 रीठी की नवांकुर संस्था युवा सवेरा समिति द्वारा ग्राम पंचायत घुघरा स्थित संजय निकुंज नर्सरी में एक दिवसीय नर्सरी विकास प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में समाज कार्य के स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सदस्यों एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नर्सरी विकास, पौधारोपण, ग्राफ्टिंग, बडिंग, वेजिटेटिव प्रोपेगेशन, कालिका वृद्धि एवं फ्लावरिंग से संबंधित तकनीकी जानकारी दी गई। साथ ही रोपणी (नर्सरी बेड) तैयार करने, पौधों की देखभाल एवं गुणवत्ता संवर्धन के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान परिषद के ब्लॉक समन्वयक श्री जगन सिंह मसराम की उपस्थिति में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में परिषद की नियमावली के अनुरूप रोपणी निर्माण एवं नर्सरी विकास की आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संभावित चुनौतियों के समाधान हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व विकास क्षमता वृद्धि पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं नर्सरी विकास के क्षेत्र में कार्य करने की रुचि व्यक्त की। कार्यक्रम के उपरांत ग्राम पंचायत घुघरा की प्रस्फुटन समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर भारतीय जन कल्याण से सीता सोनी, दीक्षा सोनी, परामर्शदाता अरुण तिवारी, शरद यादव, रूपा बर्मन, साक्षी नामदेव, अमर बहादुर, सहायक सचिव केशव प्रसाद यादव, देवराज केवट, लक्ष्मण चौधरी, श्रीराम पटेल सहित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के कौशल किशोर बर्मन, गणेश अवस्थी, ओमप्रकाश, दयाराम बर्मन, रामदयाल एवं सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर नवांकुर संस्था युवा सवेरा समिति के प्रतिनिधि श्री गोवर्धन रजक ने ग्राम स्तर पर स्वैच्छिक विकास एवं सामुदायिक सहभागिता को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से अधिक से अधिक पौधों की नर्सरी तैयार करने तथा आगामी मार्च माह में उन्नत नर्सरी प्रशिक्षण पुनः आयोजित करने की घोषणा की।

यह आयोजन ग्राम स्तर पर पर्यावरण संरक्षण, आजीविका संवर्धन एवं सामुदायिक नेतृत्व विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

✍️ दर्पण 24 न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *