रीठी ब्लॉक में ‘माय युवा भारत’ के तहत गांव-गांव बन रहे युवा मंडल, युवाओं को मिलेगा नया मंच

रीठी ब्लॉक क्षेत्र में युवाओं को संगठित करने और समाज सेवा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘माय युवा भारत’ अभियान के अंतर्गत गांव-गांव में युवा मंडलों का गठन किया जा रहा है। इस पहल का मकसद युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जहां वे समाज सेवा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, नेतृत्व विकास और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी से जुड़ सकें।

युवा मंडल गठन अभियान का नेतृत्व राघवेंद्र यादव कर रहे हैं। उनके साथ वॉलिंटियर्स की टीम में साहिल साहू, मोहित चौधरी, अभिषेक आदिवासी और रितिक यादव सक्रिय रूप से गांव-गांव जाकर युवाओं को जागरूक कर मंडल निर्माण कर रहे हैं।

अब तक ग्राम हथकुडी, ग्राम मागरधा, ग्राम मझगांवा, ग्राम शाहपुरा और ग्राम बरखेड़ा में युवा मंडलों का गठन किया जा चुका है। प्रत्येक मंडल में युवाओं एवं युवतियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। मंडल संरचना के तहत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और सदस्य नियुक्त किए जा रहे हैं, जिससे संगठनात्मक ढांचा मजबूत हो सके।

अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि उनका उद्देश्य गांव स्तर पर नेतृत्व क्षमता विकसित करना और युवाओं को सकारात्मक दिशा देना है, ताकि वे समाज में सक्रिय भूमिका निभा सकें। टीम का कहना है कि आने वाले दिनों में वे अन्य गांवों में भी पहुंचकर युवा मंडल गठन का कार्य जारी रखेंगे।

युवाओं से अपील की गई है कि जब भी टीम उनके गांव पहुंचे, वे अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इस पहल को सफल बनाएं और अपने गांव के विकास में भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *