कटनी। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के समन्वय से ‘हॉलिस्टिक वेल-बीइंग कैम्प्स’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा शुक्रवार को कटनी स्थित श्री कृष्ण दद्दा धाम वृद्धाश्रम एवं बच्चन नायक वृद्धाश्रम में निःशुल्क आयुर्वेद एवं होम्योपैथी स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय आयुष मिशन योजना के तहत आयोजित इस शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के समग्र स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया। ‘वयो मित्र’ पहल के माध्यम से वृद्धजनों की नियमित स्वास्थ्य जांच कर उन्हें परामर्श और औषधि वितरण किया गया।
शिविर में आमवात, संधिवात, अर्थराइटिस, सायटिका, वात रोग तथा विभिन्न मानसिक रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। आयुर्वेद पद्धति से 97 एवं होम्योपैथी से 65 मरीजों सहित कुल 162 वरिष्ठ नागरिकों को चिकित्सा लाभ प्रदान किया गया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वृद्धजनों को जीवनशैली सुधार, संतुलित आहार, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व की जानकारी भी दी। शिविर के आयोजन से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरे पर संतोष और राहत के भाव देखने को मिले।
समाजसेवियों एवं विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे वरिष्ठजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
दर्पण 24 न्यूज वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़े ऐसे सकारात्मक प्रयासों का स्वागत करता है।
