कटनी में सड़क कायाकल्प: 12 करोड़ से 19 प्रमुख मार्गों का उन्नयन, नागरिकों को राहत

कटनी से राजकुमारी मिश्रा की रिपोर्ट _दर्पण 24 न्यूज़ 
शहर की जर्जर सड़कों से आम नागरिकों को राहत दिलाने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में नगर निगम द्वारा शुरू किया गया सड़क कायाकल्प अभियान अब जमीन पर साफ दिखाई देने लगा है। राज्य सरकार की कायाकल्प योजना के अंतर्गत प्राप्त 12 करोड़ रुपये के बजट का योजनाबद्ध और पारदर्शी उपयोग करते हुए नगर निगम ने 19 प्रमुख स्थानों पर सीसी रोड एवं डामरीकरण कार्य पूर्ण कर नगरीय अधोसंरचना को नई मजबूती दी है।


चरणबद्ध तरीके से हुआ विकास कार्य
अभियान के तहत प्रथम चरण में 7 करोड़ रुपये की लागत से 9 प्रमुख मार्गों का विकास किया गया, जबकि द्वितीय चरण में 5 करोड़ रुपये से 10 सड़कों का उन्नयन कार्य पूरा हुआ। रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजार क्षेत्र, आवासीय कॉलोनियों और ग्रामीण संपर्क मार्गों को प्राथमिकता देते हुए कार्य किए गए, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
जनसंवेदनशील नेतृत्व की झलक
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने विकास कार्यों की योजना बनाते समय शहरवासियों की रोज़मर्रा की समस्याओं और मुख्य संपर्क मार्गों को प्राथमिकता दी। हाल ही में सागर पुलिया से लक्ष्मी पान भंडार तक अंतिम बची सड़क के डामरीकरण कार्य का औचक निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि सड़कें केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि नागरिकों के दैनिक जीवन की आवश्यक आधारभूत सुविधा हैं। इसलिए इनका टिकाऊ और मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है।
नागरिकों को मिला सीधा लाभ
सड़क सुधार कार्यों से यातायात सुगम हुआ है, दुर्घटनाओं में कमी आई है तथा धूल-मिट्टी की समस्या से राहत मिली है। व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिली है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं का समाधान अब वास्तविक रूप में दिखाई दे रहा है।
निगम प्रशासन की कार्यशैली की सराहना
नगर निगम प्रशासन के अनुसार सभी कार्यों में गुणवत्ता, स्थायित्व और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा गया। महापौर के निरंतर निरीक्षण और मार्गदर्शन के चलते कार्यों की मॉनिटरिंग प्रभावी ढंग से की गई।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि कायाकल्प अभियान के माध्यम से शहर को जो नई दिशा मिली है, वह आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने राज्य सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह के विकास कार्यों को गति देने की बात कही।
शहर की बदली हुई सड़कें इस बात की गवाही दे रही हैं कि योजनाबद्ध प्रयास और जनहित केंद्रित नेतृत्व से विकास कार्य कागजों से निकलकर धरातल पर साकार हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *