कटनी: लक्ष्मी पान भंडार से सागर पुल मार्ग का सड़क निर्माण कार्य शुरू, निगम अध्यक्ष ने किया निरीक्षण

रिपोर्ट: राजकुमारी मिश्रा, कटनी (दर्पण 24 न्यूज़)

कटनी। शहर के अति महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्ग लक्ष्मी पान भंडार से सागर पुल की ओर जाने वाली प्रमुख सड़क का निर्माण कार्य सोमवार रात से प्रारंभ हो गया। कार्य शुरू होते ही मनीष पाठक मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद नियोजक सचिन दुबे से निर्माण की रूपरेखा, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी ली। निगम अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि लंबे समय से परेशान नागरिकों को जल्द राहत मिल सके।

ज्ञात हो कि यह मार्ग कटनी शहर का प्रमुख संपर्क मार्ग है। पूर्व में सीवर लाइन कार्य और रेलवे से जुड़े कार्यों के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई थी, जिससे आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में प्रसन्नता का माहौल है।

निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने कहा कि जनसुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मार्ग सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से आमजन के लिए उपलब्ध होगा।

उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निर्माण अवधि के दौरान अस्थायी असुविधा हो सकती है, लेकिन सड़क बनने के बाद यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और आवागमन अत्यंत सुगम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए निगम प्रतिबद्ध है और इसी संकल्प के साथ यह महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ किया गया है।

इस दौरान नियोजन सचिन दुबे, गुड्डा भाईजान, राजेश कोरी, सानू तिवारी, संदीप, दुर्गेश साहू, सुरेश चंद्र अहिरवार, शेखू खटीक, रितिक राठौर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *