कटनी से राजकुमारी मिश्रा की रिपोर्ट

कटनी नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग, निगम द्वारा संचालित योजनाओं, विकास कार्यों तथा समय-सीमा में दर्ज लंबित पत्रों एवं प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त शैलेष गुप्ता, प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, अंशुमान सिंह, असित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त पत्रों तथा विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को रोजाना प्राप्त शिकायतों को अटेंड कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। आयोग से प्राप्त पत्रों एवं न्यायालयीन प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
विद्युतीकरण कार्य में देरी पर नोटिस के निर्देश
निगमायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत प्रेमनगर बस्ती मल्टी में चल रहे विद्युतीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए समय पर कार्य पूर्ण नहीं करने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने तथा विद्युत विभाग को शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
आईएचएसडीपी आवासों की जांच रिपोर्ट जल्द देने के निर्देश
आईएचएसडीपी योजना के तहत प्राप्त 690 आवेदनों पर भवन आवंटन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए उपयंत्रियों को स्थल निरीक्षण कर वर्तमान निवासरत हितग्राहियों की पात्रता जांच का प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
ई-नगर पालिका ऐप के प्रचार पर जोर
निगमायुक्त ने राजस्व वसूली शिविरों में नागरिकों को बकाया कर जमा करने के साथ-साथ क्यूआर कोड के माध्यम से ई-नगर पालिका ऐप डाउनलोड कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
अवैध कॉलोनी और निर्माण पर सख्ती
बैठक में अवैध निर्माण, कंपाउंडिंग तथा अवैध कॉलोनी के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह को गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उपयंत्रियों को नियमित वार्ड निरीक्षण कर अवैध कॉलोनियों पर रोक लगाने को कहा गया।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक में ई-नगर पालिका के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का एक सप्ताह में समाधान, पर्यटन विकास के लिए खदान क्षेत्रों के आसपास स्थलों को विकसित करने हेतु निजी संचालकों से चर्चा, अवैध नल कनेक्शनों पर कार्रवाई, नदियों के सीमांकन कार्य को गति देने, प्रधानमंत्री स्वनिधि शिविर आयोजित करने, कर वसूली कर्मचारियों को पीओएस मशीन उपलब्ध कराने तथा निगम कर्मचारियों एवं पेंशनरों के लिए समस्या निवारण एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
दर्पण 24 न्यूज़ के लिए यह बैठक नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली में सुधार और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
