शर्मनाक वारदात से दहला क्षेत्र: युवक की पिटाई, फायरिंग और मुंह पर पेशाब करने का वीडियो वायरल, 5 आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में 16 फरवरी की रात हुई एक अमानवीय और शर्मनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आपसी रंजिश और शराब के नशे में कुछ युवकों ने एक युवक के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपियों ने पहले युवक पर गोली चलाई, जो चूक गई, इसके बाद लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा और सबसे घिनौना कृत्य करते हुए उसके मुंह पर पेशाब कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नवीन सहित कुल 8 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी गौरव शर्मा ने बताया कि अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने इस मामले में धारा 109 बीएनएस (हत्या का प्रयास), आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी हैं, क्योंकि पीड़ित की पृष्ठभूमि को देखते हुए घटना जातिगत उत्पीड़न से जुड़ी प्रतीत होती है। आरोपियों की उम्र 18 से 23 वर्ष के बीच बताई गई है।

आरोपियों के सिर मुंडवाए, पुलिस की सख्त कार्रवाई

मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए गिरफ्तार पांच आरोपियों का सिर मुंडवा दिया। डीएसपी ने प्रेस वार्ता में कहा कि यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार का घिनौना अपराध करने की हिम्मत न कर सके। साथ ही पुलिस की 3–4 टीमें गठित की गई हैं, जो फरार आरोपियों को पकड़ने में जुटी हुई हैं।

पुरानी रंजिश बनी वजह

घटना सफीदों के हुडा ग्राउंड (नई अनाज मंडी के पीछे) की बताई जा रही है। पीड़ित युवक अरुण अपने दोस्तों के साथ बैठा था, तभी मुख्य आरोपी नवीन और उसके साथियों ने उसे बुलाया। पुरानी रंजिश के चलते पहले फायरिंग की गई, फिर मारपीट की गई और अंत में अमानवीय हरकत की गई। जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी नवीन के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज हैं और वह एक केस में फरार चल रहा था। सभी आरोपी एक ही समाज से बताए जा रहे हैं।

न्याय की मांग

पुलिस की कार्रवाई से स्थानीय लोगों में कुछ राहत जरूर है, लेकिन पीड़ित परिवार और समाज के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

दर्पण 24 न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *