टेंट का सामान चोरी करने वाले सगे भाई गिरफ्तार, एक फरार पानउमरिया क्षेत्र में भी वारदात कबूली, ढीमरखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में टेंट का महंगा साउंड सिस्टम चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 3.50 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में ढीमरखेड़ा पुलिस को यह सफलता मिली।

क्या है मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 फरवरी 2026 को फरियादी अनिल पटेल (निवासी ग्राम ढीमरखेड़ा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात ग्राम पोडीकला स्थित सूरदास आश्रम में लगे उनके टेंट से अज्ञात चोर करीब 3,50,000 रुपये कीमत की मशीनें चोरी कर ले गए। रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

ऐसे पकड़े गए आरोपी

जांच के दौरान 20 फरवरी 2026 को आरोपी मनीष कुर्मी (25) निवासी ग्राम महनेर को महनेर पहाड़ी स्थित एक खंडहर मकान से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, माइक स्टैंड और अहूजा कंपनी का एम्पलीफायर बरामद किया गया।

इसके बाद दूसरे आरोपी परदेशी उर्फ कमलेश कोल (22) निवासी उमरियापान को कुदवारी मोहल्ला से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से बॉस कंपनी का हेड एडॉप्टर मशीन, डीडी-3 डिजिटल मशीन, केबल, स्टूडियो मास्टर मिक्सर मशीन, मास प्लेट मशीन और अन्य ऑडियो उपकरण जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने थाना पानउमरिया क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

एक आरोपी फरार

मामले में तीसरा आरोपी गोलू कुर्मी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक सुरेश चौधरी, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, आरक्षक पंकज सिंह, अजय धुर्वे, देवेंद्र अहिरवार, कमोद कोल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ढीमरखेड़ा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ा संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *