कटनी में आधी रात बड़ी चोरी: सब्जी मंडी स्थित ‘मोबाइल युग’ से 22 मोबाइल पार, 3 लाख का नुकसान

कटनी। कटनी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सब्जी मंडी स्थित ‘मोबाइल युग’ दुकान में बीती रात करीब 2:30 बजे बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। तीन अज्ञात चोर दुकान का शटर बीच से तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे 22 मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। चोरी गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है।

सुबह सफाईकर्मियों ने जब दुकान का टूटा शटर देखा तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तत्काल दुकान संचालक गांधी हिंदुजा को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से दुकान की रेकी की थी और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद सब्जी मंडी क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश देखा जा रहा है। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *