बड़वारा में बारडोली वेलफेयर सोसायटी की सराहनीय पहल आंगनवाड़ी बच्चों को वितरित की गई विशेष ड्रेस, चेहरे पर खिली मुस्कान

बड़वारा। क्षेत्र में समाजसेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम उठाते हुए बारडोली वेलफेयर सोसायटी द्वारा आंगनवाड़ी बच्चों के लिए विशेष ड्रेस वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्री-स्कूल पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और सामाजिक विकास को सशक्त बनाना रहा।

यह कार्यक्रम बड़वारा क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र मदारीटोला बड़वारा एवं ददरी टोला विलायतकला में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग बड़वारा के सहयोग एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विभाग की सुपरवाइजर प्रियंका पांडे एवं ज्योति बर्मन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान सोसायटी के अध्यक्ष आर. एल. चौधरी ने बच्चों को टी-शर्ट, गर्म जैकेट, जूते एवं मोजे वितरित किए। नए वस्त्र पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कई बच्चों ने पहली बार व्यवस्थित रूप से ड्रेस प्राप्त की, जिससे उनके अभिभावकों ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना की।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक शिक्षा स्तर पर बच्चों को प्रोत्साहित करना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे सामाजिक प्रयास न केवल बच्चों को आंगनवाड़ी से जोड़ते हैं बल्कि उनमें आत्मसम्मान एवं अनुशासन की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं से जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संस्था एवं स्थानीय समुदाय के अनेक सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें संगीता बर्मन, राजेश कुमार चौधरी, रविकांत राय, कार्यक्रम अधिकारी शिवकुमार चौधरी, माया गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गीता मिश्रा (ददरी टोला विलायतकला) एवं सरोज बाई (मदारीटोला बड़वारा) ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ती है और अभिभावकों का विश्वास मजबूत होता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा समाज के सक्षम लोगों से शिक्षा और पोषण के क्षेत्र में सहयोग देने की अपील की। सभी के सहयोग और समर्पण से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और क्षेत्र में सकारात्मक सामाजिक संदेश प्रसारित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *