कटनी। जिले के किसानों के लिए खुशखबरी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर मध्यप्रदेश राज्य मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत 23 एवं 24 फरवरी को कृषि विज्ञान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र पिपरौंध परिसर में संपन्न होगा।
मेले के सफल संचालन हेतु उप संचालक कृषि अरुणिमा सेन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियाँ सौंपते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं।
किसानों और समितियों की होगी सक्रिय भागीदारी
प्रशासन ने एनएमएनएफ योजना के तहत चयनित कृषि सखी, कृषकों, दुग्ध उत्पादक समितियों के सदस्यों एवं प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों से जुड़े किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मेले में प्राकृतिक खेती, बीआरसी, कोदो-कुटकी, चिरौंजी सहित मिलेट्स आधारित उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
इसके साथ ही सांची दुग्ध एवं विभिन्न स्व-सहायता समूहों के उत्पादों का भी प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिल सके।
आधुनिक कृषि यंत्रों का होगा प्रदर्शन
किसानों को उन्नत कृषि तकनीक से अवगत कराने के उद्देश्य से मेले में आधुनिक कृषि यंत्रों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्मार्ट सीडर, बेलर, रिपर कंबाइन, हार्वेस्टर, ट्रैक्टर, राइस ट्रांसप्लांटर और स्ट्रारीपर जैसी मशीनें शामिल रहेंगी। विशेषज्ञों द्वारा इन यंत्रों के उपयोग, लाभ और अनुदान योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
मिलेट मिशन को मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार द्वारा संचालित मिलेट मिशन योजना के तहत मोटे अनाजों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मेले के माध्यम से किसानों को मिलेट्स की उन्नत खेती, विपणन और मूल्य संवर्धन की जानकारी दी जाएगी।
दो दिवसीय कृषि विज्ञान मेला न केवल तकनीकी जानकारी का मंच बनेगा, बल्कि किसानों, स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों के लिए संवाद और नवाचार का अवसर भी प्रदान करेगा।
दर्पण 24 न्यूज किसानों से अपील करता है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
