मध्य प्रदेश के धार ज़िला के कुक्षी में “सीमेंट” से पहले ही जम गई सियासत

दर्पण 24 न्यूज | विशेष रिपोर्ट
कहते हैं विकास की गाड़ी तेज़ चले तो धूल उड़ती है, लेकिन इस बार तो गाड़ी आई ही नहीं थी कि पत्थर पहले ही चल पड़े। टकारी गांव में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री को लेकर ऐसा माहौल बना कि लगा मानो गांव वालों ने “ईंट का जवाब पत्थर” मुहावरे को सरकारी योजना समझ लिया हो।
सूत्र बताते हैं कि कुक्षी, जोबट, गंधवानी सहित चार विधानसभाओं के लोग फैक्ट्री का विरोध कर रहे हैं। कारण पूछो तो जवाब मिलता है—“हमें धूल नहीं चाहिए!”
सरकार कहती है—“रोजगार मिलेगा!”
ग्रामीण कहते हैं—“पहले भरोसा तो मिल जाए!”
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री की नींव पड़ने से पहले ही विरोध की बुनियाद इतनी मजबूत हो गई कि गाड़ियों के शीशे विकास का पहला शिकार बन गए। पुलिस पर पथराव भी हुआ—शायद इसलिए कि संवाद की ईंटें समय पर नहीं रखी गईं।
राजनीति ने भी मौके को हाथ से नहीं जाने दिया। कुछ समय पहले क्षेत्रीय आदिवासियों के साथ कांग्रेसी नेता और जनप्रतिनिधि धरना दे चुके हैं। मंच पर भाषणों में विकास, पर्यावरण, अधिकार और भविष्य—सबका उल्लेख हुआ। बस जो गायब रहा, वो था “साझा समाधान”।
गांव वालों का तर्क है कि सीमेंट फैक्ट्री से पहले पानी, जमीन और जंगल की गारंटी चाहिए। उन्हें डर है कि कहीं रोजगार के नाम पर खेत ही न सीमेंट हो जाएं।
वहीं समर्थक कहते हैं कि उद्योग आएगा तो क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। विरोधी पूछते हैं—“तस्वीर बदलेगी या चेहरा?”
प्रशासन अब शांति की अपील कर रहा है। अपील भी वही पुरानी—“कानून हाथ में न लें।”
ग्रामीणों का जवाब भी पुराना—“हम तो बस अपनी जमीन हाथ में रखना चाहते हैं।”
कुल मिलाकर, फैक्ट्री अभी कागज़ पर है, लेकिन विवाद ज़मीन पर पूरी तरह तैयार।
लगता है इस इलाके में सीमेंट से पहले विश्वास की ढलाई करनी होगी, वरना हर ईंट पर सवाल लिखे मिलेंगे।

🔥 “सच का आईना — दर्पण 24न्यूज़!”
📢 “सबसे पहले, सबसे सटीक — दर्पण 24न्यूज़!”
📰 “निष्पक्ष खबर, आपका दर्पण 24न्यूज़!”
🚨 “सवाल भी, जवाब भी — दर्पण 24न्यूज़!”
📲 “बिना मिलावट खबर — सब्सक्राइब करें दर्पण 24न्यूज़!”
⭐ “आपका साथ, हमारी ताकत — दर्पण 24न्यूज़!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *