कटनी में जिला बदर की सख्त कार्रवाई, आदतन अपराधी मोनू उर्फ मनीष निषाद सीमा से बाहर भेजा गया

कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में कुठला थाना पुलिस ने जिला बदर की प्रभावी कार्रवाई की।

कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 5 फरवरी को कुठला पुलिस द्वारा आदतन अपराधी मोनू उर्फ मनीष निषाद निवासी पुरैनी, थाना कुठला के विरुद्ध जिला बदर आदेश का पालन कराया गया। जिला दण्डाधिकारी कटनी द्वारा जारी आदेश के तहत आरोपी को कटनी जिले सहित सीमावर्ती जिले दमोह, उमरिया, पन्ना एवं मैहर की राजस्व सीमा से बाहर निष्कासित किया गया है।

बताया गया कि आरोपी मोनू उर्फ मनीष निषाद पिता चन्द्रभान निषाद उम्र 20 वर्ष के विरुद्ध पूर्व से मारपीट, अवैध शराब तस्करी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित कई प्रकरण दर्ज हैं। उसकी गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का माहौल निर्मित हो रहा था, जिसे दृष्टिगत रखते हुए जिला दण्डाधिकारी द्वारा उसे 5 माह की अवधि के लिए जिला बदर करने का आदेश पारित किया गया।

पुलिस द्वारा आदेश की विधिवत तामील कराते हुए आरोपी को पुलिस बल की मौजूदगी में उचेहरा, जिला सतना की सीमा तक छोड़ा गया तथा आदेश की सभी शर्तों से अवगत कराया गया। साथ ही, निर्धारित अवधि के दौरान प्रतिबंधित जिलों की सीमा में प्रवेश न करने की सख्त हिदायत दी गई।

थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी द्वारा जिला बदर आदेश का उल्लंघन किया गया तो उसके विरुद्ध विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *