नगर निगम परियोजनाओं में लापरवाही पर सख्त रुख, कंसल्टेंट कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

गुणवत्ता और समय-सीमा सर्वोपरि, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई – अपर मुख्य सचिव संजय दुबे

कटनी।नगर निगम द्वारा संचालित विकास परियोजनाओं में लापरवाही और हीला-हवाली पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के प्रोजेक्ट्स में रुचि नहीं लेने वाली कंसल्टेंट कंपनियों और कार्य में देरी करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग श्री संजय दुबे ने जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि कार्यों की सराहना हो सके। उन्होंने अमृत योजना एवं सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों में ढिलाई बरतने पर कड़ी नाराजगी जताई।

बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, अपर आयुक्त नगरीय विकास एवं आवास श्री शिशिर गेमावत, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, उपसंचालक श्री नीलेश दुबे एवं प्रमुख अभियंता नगरीय विकास एवं आवास उपस्थित रहे।

लंबित परियोजनाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना (एएचपी घटक) की समीक्षा में बताया गया कि प्रेमनगर खिरहनी बस्ती में 1444 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जिनमें से 1412 हितग्राहियों का पंजीयन तथा 733 को अधिपत्य प्रदान किया जा चुका है। शेष प्रक्रिया प्रगतिरत है।

बिलहरी मोड़ झिझरी फेस-2 में निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश दिए गए।

अमृत योजना 1.0 एवं 2.0 के तहत सीवरेज, सेप्टेज मैनेजमेंट, वाटर बॉडी रिज्युविनेशन, जल आपूर्ति और पाइपलाइन विस्तार परियोजनाओं की भी गहन समीक्षा कर कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए गए।

लापरवाही पर सहायक यंत्री की दो वेतन वृद्धि रोकी

मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत कटाएघाट क्षेत्र में रिवर फ्रंट निर्माण कार्यों में लापरवाही और मॉनिटरिंग की कमी पर नगर निगम के सहायक यंत्री सुनील सिंह की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाए।

राजस्व वसूली बढ़ाने का लक्ष्य

नगर निगम की राजस्व वसूली में कम प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन आवासीय भवनों में अब व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, उनसे व्यावसायिक कर वसूला जाए। साथ ही आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों का सत्यापन कर प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।

स्वच्छता व आईईसी गतिविधियों पर जोर

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में शहर की रैंकिंग सुधारने के लिए व्यापक आईईसी गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए। शहर को वॉटर प्लस सर्टिफिकेट दिलाने हेतु सीवर लाइन नेटवर्क में तेजी लाने, तथा नागरिकों को गीला-सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए जोन, वार्ड एवं कॉलोनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

नगर पंचायत कैमोर को स्वच्छता सर्वेक्षण में फाइव स्टार रैंकिंग दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया।

विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण

अपर मुख्य सचिव श्री दुबे ने अमीरगंज स्थित एमएसडब्ल्यू प्लांट का निरीक्षण कर लीगेसी वेस्ट के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए। माधवनगर स्थित 7.50 एमएलडी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान कार्य में देरी पर नाराजगी व्यक्त की गई।

इसके साथ ही बिलहरी मोड़ झिझरी फेस-1 में प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माणाधीन भवनों, बस स्टैंड स्थित दीनदयाल ऑडिटोरियम परिसर, प्रस्तावित लाइब्रेरी व कैफेटोरिया तथा बस स्टैंड परिसर का भी निरीक्षण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *