
कटनी। बुंदेलखंड की सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं को सहेजते हुए “बुंदेलखंड का महाकुंभ” कहे जाने वाले सप्तम कन्या विवाह महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो चुका है। यह आयोजन आगामी दस दिनों तक श्रद्धा, सेवा और संस्कार के भाव के साथ संपन्न होगा।
इस दस दिवसीय महोत्सव के दौरान विश्व विख्यात संत-महात्मा एवं सुप्रसिद्ध कथावाचक पधारकर कन्याओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। धार्मिक प्रवचनों, कथा-वाचन और आध्यात्मिक आयोजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया है।
आयोजन समिति के अनुसार, यह महोत्सव कन्या सम्मान, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सामूहिक रूप से कर उन्हें सम्मानजनक जीवन की शुरुआत देने का यह प्रयास वर्षों से समाज में प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, संत समागम, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देश-प्रदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर इस पुण्य दर्शन एवं आशीर्वाद का लाभ ले रहे हैं।
आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन अवसर के साक्षी बनें और पुण्य लाभ अर्जित करें।