कटनी में पंचों के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल, 59 पंचायतों के प्रतिनिधियों को मिला आधारभूत प्रशिक्षण

कटनी। ग्राम पंचायतों को अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण संस्थान, जबलपुर के तत्वावधान में पंचों के आधारभूत प्रशिक्षण की दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन जनपद पंचायत कटनी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रदीप सिंह जी के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यशाला में कटनी जनपद की 59 ग्राम पंचायतों से चयनित पंचों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान पंचायत राज व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली, वित्तीय प्रबंधन, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर श्री अवधेश दाहिया (पी.सी.ओ.) द्वारा पंचों को उनके अधिकारों, दायित्वों एवं ग्राम विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। वहीं स्वच्छ भारत मिशन जनपद कटनी के ब्लॉक समन्वयक श्री जग्गी प्रसाद पटेल जी ने स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम की अवधारणा पर बल दिया।

कार्यशाला के दौरान सभी प्रतिभागी पंचों का ट्रेनिंग मैनेजमेंट पोर्टल पर पंजीयन कराया गया तथा डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से प्रशिक्षण प्रमाण पत्र डाउनलोड करने की संपूर्ण जानकारी दी गई, जिससे पंचायत प्रतिनिधि भविष्य में ऑनलाइन सेवाओं का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाना, जनप्रतिनिधियों की प्रशासनिक क्षमता में वृद्धि करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह तरीके से संचालित करना रहा।

इस प्रशिक्षण से पंचायत प्रतिनिधियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं जिम्मेदारी की भावना का संचार हुआ है, जो आने वाले समय में ग्राम विकास की दिशा में एक मजबूत आधार साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *