
कटनी। नगर पालिका निगम कटनी में आम नागरिकों से जुड़े कार्यों के लिए बनाए गए अधिकृत काउंटरों के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। निगम परिसर में जहां एक ओर बड़े-बड़े बोर्डों पर “24 घंटे सेवा उपलब्ध” का दावा किया गया है, वहीं दूसरी ओर वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम के अधिकतर अधिकृत काउंटर केवल सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही खुले रहते हैं। इसके बाद काउंटर बंद हो जाते हैं, जिससे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, टैक्स संबंधी कार्य, शिकायत दर्ज कराने सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कई नागरिकों ने बताया कि दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों को निर्धारित समय की जानकारी पहले से नहीं होती। वे निगम परिसर में लगे 24 घंटे सेवा के बोर्ड को देखकर किसी भी समय पहुंच जाते हैं, लेकिन काउंटर बंद मिलने पर उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।
नागरिकों का आरोप है कि यदि वास्तव में 24 घंटे सेवा उपलब्ध नहीं है, तो ऐसे बोर्ड लगाकर जनता को भ्रमित करना गलत है। इससे निगम की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर भी सवाल उठते हैं।
इस पूरे मामले में नगर निगम प्रशासन की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस विरोधाभास पर क्या कदम उठाता है और क्या वास्तव में नागरिकों को 24 घंटे सेवा का लाभ मिल पाएगा या नहीं।
