कटनी : शासकीय उचित मूल्य दुकान से गेहूं चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक अपचारी बालक भी हिरासत में

कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लुरमी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए बरही पुलिस ने शासकीय गेहूं चोरी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बरही निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे के नेतृत्व में की गई।

ऐसे हुआ था चोरी का खुलासा

प्रार्थिया राकेश्वकी राय पति रामेश्वर राय (49 वर्ष) निवासी ग्राम लुरमी ने थाना बरही में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम लुरमी की शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन श्री गणेशाय नमः स्व सहायता समूह द्वारा किया जाता है, जिसकी वह अध्यक्ष हैं। दुकान में गरीबों को वितरण हेतु शासन द्वारा प्रदत्त गेहूं एवं चावल की बोरियां 25 जनवरी को रखी गई थीं।

26 जनवरी को दुकान नहीं खोली गई थी और 27 जनवरी की सुबह जानकारी मिली कि दुकान की खिड़की की रॉड टूटी हुई है। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि अज्ञात चोरों द्वारा दुकान का चैनल गेट व खिड़की तोड़कर लगभग 140 बोरियां गेहूं चोरी कर ली गई हैं। इससे पहले भी 7 जनवरी की रात 80 बोरियों की चोरी हो चुकी थी।

इस प्रकार कुल 89 क्विंटल गेहूं एवं 28 क्विंटल चावल, कुल 117 क्विंटल शासकीय अनाज चोरी होना सामने आया।

पुलिस ने बनाई विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 102/2026 धारा 331(3), 305(E) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों एवं एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी

प्रदीप कचेर पिता रामकिशोर कचेर (27 वर्ष) निवासी ग्राम रोहनिया

लाल गोविंद उर्फ लाले कुशवाहा पिता कमल कुमार कुशवाहा (22 वर्ष) निवासी मझगवां

ताहिर अंसारी पिता मोहम्मद इस्माइल अंसारी (26 वर्ष) निवासी भूडसा

मुकेश कुमार रजक पिता हजारी लाल रजक (33 वर्ष) निवासी भूडसा

एक अपचारी बालक

पूछताछ में सभी आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की है। आरोपियों ने यह भी बताया कि घटना में रोशन सिंह, गगन सिंह एवं राघवेंद्र सिंह भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं।

गेहूं बरामद, पिकअप वाहन जब्त

पुलिस ने चोरी गया शासकीय गेहूं बरामद कर लिया है तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक MP54 ZA 6724 को भी जब्त किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इनकी रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, उप निरीक्षक विनोद कांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक अतुल तिवारी, आरक्षक विवेक श्रीवास्तव एवं विवेक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बरही पुलिस की इस सख्त और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और शासकीय संपत्ति की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सतर्कता साफ तौर पर देखने को मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *