कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई

ग्राम पड़रेही में 4 डंपर-ट्रिपर व 1 पोकलेन मशीन जब्त

कटनी।कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के सख्त निर्देशों के पालन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को बहोरीबंद तहसील अंतर्गत ग्राम पड़रेही में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लिप्त 4 डंपर-ट्रिपर और 1 पोकलेन मशीन जब्त की।

जब्त किए गए चारों डंपर-ट्रिपर को बहोरीबंद थाना परिसर में खड़ा कराया गया है, जबकि पोकलेन मशीन को सुपुर्दगी में सौंपा गया है।

बताया गया कि कलेक्टर श्री तिवारी की अध्यक्षता में हाल ही में आयोजित जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग को संयुक्त रूप से अवैध खनिज परिवहन और उत्खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उसी के तहत यह कार्रवाई की गई।

इस दौरान मौके पर एसडीएम बहोरीबंद श्री राकेश कुमार चौरसिया, एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी, नायब तहसीलदार श्री आकाशदीप नामदेव, सहायक खनिज अधिकारी श्री पवन कुशवाहा, खनिज निरीक्षक श्री कमलकांत परस्ते सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पड़रेही में लेटराइट एवं बॉक्साइट की खदान स्वीकृत है, लेकिन खदान संचालक के पास मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मंडल की वैध अनुमति नहीं थी। इस कारण वैधानिक रूप से ट्रांजिट पास जारी नहीं हो पा रहा था। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में खनिज परिवहन को अवैध मानते हुए मौके पर संलिप्त सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन व खनिज परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *