
मुरादाबाद/दिल्ली|दर्पण 24 न्यूज तारीख: 2 फरवरी 2026 दिल्ली के गांधी विहार इलाके में UPSC की तैयारी कर रहे छात्र की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। यह मामला शुरुआत में जहां एक हादसे की तरह सामने आया, वहीं CCTV फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस ने इसे एक खौफनाक मर्डर मिस्ट्री में बदल दिया। हत्या की मास्टरमाइंड मृतक की लिव-इन पार्टनर निकली, जिसने अपने एक्स बॉयफ्रेंड और उसके दोस्त के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
AC ब्लास्ट समझी गई घटना, मलबे से मिला जला हुआ शव
घटना 6 अक्टूबर 2025 की रात की है। दिल्ली के गांधी विहार, गली नंबर-5 में देर रात एक जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाके के बाद घर से धुआं उठता देख लोग बाल्टियां लेकर दौड़े, दमकल विभाग को सूचना दी गई। आग बुझाने के बाद मलबे से एक झुलसा हुआ शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान रामकेश मीणा के रूप में हुई, जो दिल्ली में रहकर UPSC परीक्षा की तैयारी कर रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे AC ब्लास्ट से हुई दुर्घटना माना, लेकिन कुछ तथ्यों ने क्राइम ब्रांच को शक में डाल दिया।
CCTV फुटेज ने बदली जांच की दिशा
घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच में बड़ा खुलासा हुआ। फुटेज में देखा गया कि धमाके से ठीक पहले चेहरा ढंके दो युवक और एक युवती घर से बाहर निकलते हैं। इसी सुराग के बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानकर जांच शुरू की।
लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान निकली मास्टरमाइंड
जांच में सामने आया कि रामकेश मीणा के साथ उसके किराए के मकान में उसकी लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान (21) भी रहती थी। अमृता मुरादाबाद की रहने वाली है और फोरेंसिक साइंस की छात्रा है।
पुलिस के मुताबिक अमृता ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड सुमित कश्यप और उसके दोस्त संदीप के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। हत्या को हादसा दिखाने के लिए आरोपियों ने कमरे में रखी किताबों से चिता बनाई, शव पर शराब और घी डालकर आग लगाई, ताकि यह एक दुर्घटना लगे।
क्राइम वेब-सीरीज से सीखा ‘परफेक्ट मर्डर’ का तरीका
पूछताछ में यह भी सामने आया कि अमृता ने अपराध को हादसे में बदलने के तरीके क्राइम वेब-सीरीज देखकर सीखे थे। वारदात के बाद तीनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिले, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
कॉल डिटेल और टेक्निकल सर्विलांस से गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन ट्रैकिंग और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए एक-एक कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह पूरी तरह से पूर्व नियोजित हत्या थी।
मुरादाबाद से दिल्ली तक जुड़ी साजिश
अमृता चौहान मूल रूप से मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसका परिवार पीतल नगरी इलाके में रहता है। माता-पिता स्कूल संचालन से जुड़े हैं और परिवार पढ़ा-लिखा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, अमृता की जिंदगी 17 साल की उम्र में शुरू हुए रिश्तों के चलते इस खतरनाक मोड़ तक पहुंची।
प्यार, जुनून और अपराध
यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि जब प्यार जुनून में और जुनून अपराध में बदल जाए, तो उसका अंजाम सिर्फ तबाही होता है। UPSC की तैयारी कर रहे एक होनहार छात्र की जान चली गई और कई जिंदगियां जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गईं।
फिलहाल तीनों आरोपी तिहाड़ जेल में बंद हैं और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
