
कटनी | रविवार, 01 फरवरी 2026 | दर्पण 24 न्यूज
कटनी जिले में गैस गोदामों से लगातार हो रही सिलेंडर चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए सक्रिय चोरी गिरोह का खुलासा किया है। बड़वारा और बिलहरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह के 5 आरोपियों सहित चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 57 गैस सिलेंडर, एक पिकअप वाहन और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में गैस गोदामों में हुई चोरियों का त्वरित खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। इस कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कुठला प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा तथा चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय ने किया।
ऐसे हुआ खुलासा
दिनांक 17 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात बिलहरी स्थित भारत गैस गोदाम से 44 सिलेंडर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कन्हवारा–विजयराघवगढ़ रोड पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। वाहन चालक ने अपना नाम सन्नी दाहिया बताया, जिसने पूछताछ में अपने साथियों के साथ गैस सिलेंडर चोरी करना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बिलहरी, बड़वारा और एनकेजे थाना क्षेत्रों के गैस गोदामों से सिलेंडर चोरी करना कबूल किया। कुछ सिलेंडर आपस में बांट लिए गए, जबकि लगभग 30 सिलेंडर बेच दिए गए।
अब तक की बरामदगी
भारत गैस – 24 सिलेंडर
इंडेन गैस – 28 सिलेंडर
एचपी गैस – 03 सिलेंडर
चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन
पल्सर मोटरसाइकिल
अब तक कुल 57 सिलेंडर बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष 47 सिलेंडरों की बरामदगी के लिए आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है।
दर्ज अपराध
अपराध क्रमांक 65/26 – थाना कुठला, चौकी बिलहरी (भारत गैस गोदाम)
अपराध क्रमांक 55/26 – थाना बड़वारा (इंडेन गैस गोदाम)
अपराध क्रमांक 472/25 – थाना एनकेजे
गिरफ्तार आरोपी
सन्नी दाहिया, निवासी कछगवां, विजयराघवगढ़
मनोज उर्फ रोहित यादव (22), निवासी ग्राम छैघरा
संदीप काछी (27), निवासी ग्राम छैघरा
कुती उर्फ सलोक कुशवाहा (18), निवासी ग्राम जोबीकला
मंजू उर्फ जयदेव पटेल (33), निवासी ग्राम जोबीकला
नासिर हुसैन, निवासी लमतरा – (चोरी के सिलेंडर खरीदने वाला)
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना कुठला, चौकी बिलहरी, थाना बड़वारा एवं साइबर सेल के अधिकारियों व कर्मचारियों की अहम और सराहनीय भूमिका रही।
कटनी पुलिस द्वारा जिले में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सख्त और परिणामकारी कार्रवाई की जा रही है।
कटनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 57 गैस सिलेंडर, पिकअप व बाइक सहित 14 लाख का मशरूका जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार
