नई दिल्ली।देश में “समानता” का नया सूरज उग चुका है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा लागू किए गए ‘उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने के विनियम, 2026’ अब किताबों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सीधे सामान्य वर्ग की नींद, नौकरी और भविष्य तक पहुंच चुके हैं। देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भरोसा दिलाया है कि “किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा” — ठीक उसी तरह जैसे हर कानून आते वक्त कहा जाता है, और फिर सबसे पहले लाइन में सामान्य वर्ग ही खड़ा दिखता है।
मंत्री जी का कहना है कि कानून का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा।
सामान्य वर्ग सोच रहा है—
“दुरुपयोग नहीं होगा, बस उपयोग हम पर ही होगा।”
कैंपस में समानता, लेकिन तराजू एक तरफ झुका
देश के विश्वविद्यालयों में विरोध तेज है। छात्र और शिक्षक सवाल पूछ रहे हैं, लेकिन सवाल पूछने वालों की सूची में सामान्य वर्ग का नाम अभी ‘समीक्षा के अधीन’ है।
सोशल मीडिया से लेकर कैंपस तक चर्चा है कि समानता के नाम पर कहीं एक वर्ग को ही ‘संदिग्ध नागरिक’ तो नहीं बना दिया गया?
संविधान और सुप्रीम कोर्ट का हवाला
मंत्री जी ने साफ किया कि यह फैसला संविधान और सुप्रीम कोर्ट के दायरे में है।
सामान्य वर्ग ने भी संविधान पढ़ा है, लेकिन शायद उनके पन्ने किसी अन्य संस्करण में छपे थे, जहां “बराबरी” का मतलब सबसे ज्यादा जिम्मेदारी, सबसे कम सुरक्षा होता है।
पूरा विवाद क्या है?
UGC ने 13 जनवरी 2026 को ये नियम लागू किए, ताकि जातिगत भेदभाव खत्म हो सके।
इरादा नेक बताया गया, लेकिन अमल ऐसा कि
“दोष सिद्ध होने से पहले ही आरोपी तय है।”
विवाद की असली वजहें (व्यंग्य संस्करण)
हर कॉलेज में Equity Committee, Equity Squad और EOC
(मतलब पढ़ाई कम, निगरानी ज्यादा)
SC, ST, OBC से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल जांच
(और सामान्य वर्ग? — ‘आप प्रतीक्षा करें’)
24×7 हेल्पलाइन
(फोन उठेगा, लेकिन किसके लिए?)
भेदभाव सिद्ध होने पर फंडिंग रोकने से लेकर मान्यता रद्द करने तक
(यानि एक शिकायत = पूरा संस्थान लाइन में)
भेदभाव की परिभाषा का विस्तार
(इतना विस्तार कि अब “देखना” भी शक के दायरे में)
सामान्य वर्ग का सवाल
सामान्य वर्ग पूछ रहा है—
क्या झूठी शिकायतों से बचाव का कोई प्रावधान है?
क्या मानसिक उत्पीड़न भी उत्पीड़न नहीं होता?
क्या समानता का मतलब सिर्फ एक ही वर्ग की निगरानी है?
राजनीतिक और सामाजिक असर
यह मुद्दा अब शिक्षा का नहीं, असमान डर का बन चुका है।
सरकार इसे न्याय की दिशा में कदम बता रही है,
और सामान्य वर्ग इसे अपने लिए “कानूनी टाइम बम” मान रहा है।
देश में अब शिक्षा का नया मंत्र है—
“सब बराबर हैं, लेकिन कुछ लोग ज्यादा बराबर हैं।”
सामान्य वर्ग से अपेक्षा है कि वह चुप रहे, सहन करे, और भरोसा रखे—
क्योंकि भरोसा रखना अब भी मुफ्त है।
दर्पण 24 न्यूज इस मुद्दे से जुड़े हर नए घटनाक्रम, बयान और
“समानता के नाम पर हो रही असमानता” पर नजर बनाए हुए है।
