26 शिकायतों पर सुनवाई, 9 मामलों का मौके पर हुआ त्वरित निराकरण

इस जनसुनवाई में महापौर प्रीति संजीव सूरी स्वयं उपस्थित रहीं और आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश मौके पर ही दिए।
जनसुनवाई के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों द्वारा साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, आईएचएसडीपी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अतिक्रमण, ड्रेनेज, पात्रता पर्ची सहित नगर विकास से जुड़ी कुल 26 शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें से 9 प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही निराकरण कर प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया।
महापौर के निर्देश पर ऐसे नागरिक जो बिना लिखित आवेदन के समस्या लेकर पहुंचे थे, उन्हें भी वहीं आवेदन लिखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे कोई भी नागरिक अपनी बात रखने से वंचित न रहे।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका समाधान करना है। जनसुनवाई जैसी पहल आगे भी निरंतर जारी रहेंगी, ताकि आमजन को सीधे लाभ मिल सके।
पहली ही जनसुनवाई में त्वरित कार्रवाई और सकारात्मक माहौल से नागरिकों में नगर निगम के प्रति विश्वास और संतोष देखने को मिला।
