भारत पर्व पर बुंदेली लोकगायन व कथक नृत्य से सजेगी सांस्कृतिक संध्या 26 जनवरी की शाम बस स्टैंड ऑडिटोरियम में होगा आयोजन

कटनी। लोकतंत्र के उत्सव भारत पर्व का भव्य आयोजन गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की शाम बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में शाम 5 बजे से किया जाएगा। इस अवसर पर संस्कृति विभाग एवं स्वराज संस्थान संचालनालय भोपाल के कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा भी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां होंगी।
भारत पर्व के अंतर्गत लोकगीत, लोकनृत्य और स्थानीय लोक कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां दर्शकों को भारतीय संस्कृति की विविधता से रूबरू कराएंगी। कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारियों को अपने स्टाफ सहित उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिले के समस्त नागरिकों से भी इस सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण के रूप में सुश्री कहकशां अंजुम के नेतृत्व में 9 सदस्यीय दल द्वारा बुंदेली लोकगायन तथा जबलपुर की श्रीमती स्वाति मोदी तिवारी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय दल द्वारा कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर वंदे मातरम् गायन एवं चित्र प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।
भारत पर्व का यह आयोजन गणतंत्र दिवस की गरिमा के अनुरूप सांस्कृतिक चेतना, लोक परंपराओं और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा।
दर्पण 24 न्यूज जिलेवासियों से अपील करता है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक संध्या को सफल बनाएं।
