बच्चों को मिलेगा हलुआ-पूरी, खीर व मिठाई कलेक्टर आशीष तिवारी ने जारी किए निर्देश

कटनी।गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर 26 जनवरी को जिले की सभी लक्षित शालाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत विशेष भोज का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा जिला शिक्षा विभाग एवं पंचायत अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, विशेष भोज में विद्यार्थियों को सब्जी-पूरी-खीर अथवा सब्जी-पूरी-हलुआ के साथ मिठाई का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर बच्चों में उत्साह एवं सहभागिता बढ़ाना है।
गुणवत्ता और स्वच्छता पर रहेगा विशेष ध्यान
कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि विशेष भोज के दौरान भोजन स्वच्छ स्थान पर, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री से तैयार किया जाए। इस हेतु सभी प्रधानाध्यापक एवं शालाओं के नोडल शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे अपनी प्रत्यक्ष निगरानी में सामग्री की जांच कर भोजन तैयार कराएं।

आदेश में यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शाला में निरीक्षण रोस्टर के अनुसार निर्धारित अंत्योदय कार्डधारी वृद्धजन एवं माताएं भोजन का निरीक्षण करें तथा विशेष भोज में सहभागी बनें।

पंचायत अमले को सौंपी गई निरीक्षण की जिम्मेदारी
कलेक्टर श्री तिवारी ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अधीनस्थ सहायक विकास अधिकारी, पंचायत समन्वयक अधिकारी, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को निरीक्षण की जवाबदारी सौंपें, जिससे आयोजन सुचारु एवं पारदर्शी रूप से संपन्न हो सके।

मुख्य अतिथि के लिए विशेष भोज की व्यवस्था
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं परियोजना समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान को निर्देश दिए हैं कि 26 जनवरी को जिले की किसी एक शाला में गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि के लिए विशेष भोज का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, साथ ही संपूर्ण आयोजन की मॉनिटरिंग भी की जाए।

