🔳 देव कुमार जैन व रश्मि ठकुरिया ने बढ़ाया कटनी जिले का गौरव

कटनी।एनसीसी 32 एमपी बटालियन कटनी के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है, जब जिले के दो होनहार कैडेट्स ने दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस शिविर (RDC) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, कटनी के छात्र कैडेट देव कुमार जैन एवं पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बड़वारा की छात्रा कैडेट रश्मि ठकुरिया ने मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय सांस्कृतिक समूह में सहभागिता की और अपनी प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया।
🔳 कठिन चयन प्रक्रिया के बाद मिला गौरवपूर्ण अवसर
इन दोनों कैडेट्स का चयन आसान नहीं था। यूनिट स्तर से लेकर ग्रुप, अंतर-ग्रुप एवं निदेशालय स्तर तक आयोजित 10 से अधिक प्री-आरडीसी शिविरों की कठिन चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पार कर, हजारों कैडेट्स की प्रतिस्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इनका चयन दिल्ली आरडीसी के लिए हुआ।
🔳 देश की प्रमुख हस्तियों ने की सराहना
गणतंत्र दिवस शिविर के दौरान कैडेट्स को देश की कई प्रमुख हस्तियों से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री सुधांशु शुक्ला ने कैडेट्स की उपलब्धियों की प्रशंसा की।
इसके साथ ही थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी एवं वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण एवं आत्मविश्वास की खुले मंच से सराहना की।
🔳 ऐतिहासिक स्थलों व सैन्य परंपराओं से हुआ साक्षात्कार
शिविर के दौरान कैडेट देव एवं रश्मि ने लाल किला, इंडिया गेट एवं कुतुब मीनार जैसे ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को नजदीक से जाना।
इसके साथ ही उन्होंने राजपूताना राइफल्स रेजिमेंट का भ्रमण कर भारतीय सेना की कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं “वीर भोग्य वसुंधरा” की गौरवशाली परंपरा को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव किया।
🔳 जिले और एनसीसी के लिए गौरव का क्षण
कैडेट देव कुमार जैन एवं कैडेट रश्मि ठकुरिया की यह उपलब्धि न केवल एनसीसी 32 एमपी बटालियन कटनी, बल्कि पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से यह सिद्ध होता है कि कटनी का युवा वर्ग राष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाने में पूरी तरह सक्षम है।
